

लोनी। गाजियाबाद के लोनी में कोतवाली क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी में उधार दिए एक लाख रुपये का तकादा करने पर परिचित ने प्रॉपर्टी डीलर को लोहे की रॉड व हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दोनों के बीच था लेनदेन
जानकारी के मुताबिक, लोनी के अशोक विहार में प्रॉपर्टी डीलर शौकीन पत्नी, बच्चों के साथ किराये के मकान में रहते थे। कॉलोनी में ही कबाड़ का काम करने वाला फारूक उर्फ सोनी भी रहता था। दोनों सात साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच लेनदेन भी था।
शौकीन की पत्नी आयशा ने क्या बताया?
शौकीन की पत्नी आयशा ने बताया कि बुधवार सुबह फारूक शौकीन को बड़ौत से रुपये लेने की बात कहकर घर से ले गया था। उन्होंने पति को कॉल की तो पता चला कि वह दिल्ली लेकर गया है। रुपये नहीं दिए हैं। शाम पांच बजे उन्होंने फोन किया तो शौकीन ने बताया कि वह अभी काफी दूर है। 12 बजे तक रात में घर पहुंचेगा।
साढ़े 11 बजे तक घर नहीं आए तो फोन किया
रात नौ बजे शौकीन ने बच्चों को फोन कर कहा कि वह जल्द ही घर पहुंचने वाला है। जब वह साढ़े 11 बजे तक घर नहीं आए तो फोन किया। मोबाइल बंद था। रात करीब दो बजे जेठ ने दो उन्हें कॉल कर बताया कि शौकीन की हत्या कर दी गई। शव फारूक के घर पड़ा है। वह बच्चों को लेकर मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि फारूक को एक लाख रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से वह रुपये मांग रहे थे। वह लगातार टाल रहा था। बुधवार को रुपये देने की बात कहकर साथ ले गया। फिर रात में हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल बरामद किया। फारूक ने हत्या के बाद शौकीन का मोबाइल भी तोड़ दिया था।
झगड़े के बाद की हत्या
फारूक ने पुलिस को बताया कि शौकीन ने सात माह पहले उसे 20 हजार रुपये ब्याज पर दिए थे। इसके एवज में वह एक लाख रुपये लौटा चुका था। इसके बाद भी शौकीन डेढ़ लाख रुपये और मांग रहा था। उसे बड़ौत और पानीपत से पैसे मिलने थे।
बुधवार सुबह वह घर से यही सोच कर निकाला था कि पैसे मिल गए तो ठीक नहीं तो शौकीन की हत्या कर देगा।पुलिस जांच में सामने आया कि फारूक शौकीन के साथ दिल्ली व बड़ौत में घूमता रहा। दोनों ने शराब पी। देर रात साढ़े 11 बजे फारूक उसे अपनी दुकान पर लाया। सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे।
सरिया और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए
शौकीन ने उससे रुपये मांगे। इस पर दोनों में विवाद हो गया। फारूक ने सरिया उठाकर शौकीन के सिर में दे मारा। इसके बाद सिर, हाथ व पैर पर सरिया और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। शोर मचने और खुद को बचाने के लिए शोर मचाया। कहा कि दुकान में चोर घुस गए हैं। इनमें से दो भाग गए और अपने बचाव में उसने एक को सरिया मारा, जिससे उसकी मौत हो गई है। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
धोखाधड़ी में जा चुका था मृतक जेल
पुलिस के मुताबिक, मृतक शौकीन के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो धोखाधड़ी, एक पशु क्रूरता का है। वह जिलाबदर भी किया गया था।
तकादा करने पर शौकीन की हत्या कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया।पत्नी की शिकायत पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। – सूर्यबली मौर्य, सहायक पुलिस आयुक्त, लोनी