मौसम स्पोर्ट्स क्राइम शिक्षा राष्ट्रीय बिहार चुनाव बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य

--Advertisement---

कमर्शियल सिलेंडर रिफिलिंग रुकी, बागपत में 35 फैक्ट्रियों और 100 होटलों में काम रुका

On: March 11, 2026 5:22 AM
Follow Us:
---Advertisement---

इस्राइल-अमेरिका और ईरान में युद्ध होने से एलपीजी गैस का संकट शुरू होने लगा है। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग बंद होने से जिले की 35 फैक्टरियों और 100 होटलों पर काम बंद हो गया है। कारोबार ठप होने के चलते उद्यमियों और होटल संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में कुछ होटल संचालक गैस पाइपलाइन से कनेक्शन लेने लगे हैं तो फैक्टरी संचालक रिफिलिंग कराने की मांग कर रहे हैं।

जिले में गैस सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए 32 एजेंसियां संचालित हैं। यहां से हर महीने तीन लाख से अधिक घरेलू गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं को वितरित किए जाते हैं, जबकि फैक्टरियों और होटलों पर पांच से सात हजार व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की खपत हो रही है। इस्राइल-अमेरिका और ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद भारत सरकार ने गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल को लेकर शर्तें भी जारी की गई हैं। 

इसमें घरेलू गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग के लिए 25 दिन का समय निर्धारित किया गया है। वहीं गैस की समस्या को देखते हुए व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग पूरी तरह बंद कर दी गई है। जिले में 35 फैक्टरियां ऐसी हैं, जिनमें लोहे का सामान तैयार करने के लिए रोजाना एक से दो व्यावसायिक सिलिंडरों की खपत होती है। व्यावसायिक सिलिंडरों की रिफिलिंग बंद होने से इन फैक्टरियों में काम पूरी तरह बंद हो गया। इनके अलावा जिले में संचालित 100 से अधिक होटल और ढाबे भी इससे प्रभावित हो गए।

घरेलू गैस सिलिंडरों की मांग बढ़ी, गाड़ियां घटीं
युद्ध शुरू होने के बाद गैस की किल्लत की बात सामने आने लगी तो कई दिन तक घरेलू गैस सिलिंडरों की मांग बढ़ी रही। गैस एजेंसियों से मिले आंकड़ों के अनुसार जिले में रोजाना 10 हजार से अधिक गैस सिलिंडरों की खपत हो रही थी, जो गैस किल्लत की बात सामने आने पर 20 फीसदी तक बढ़ गई थी। अब दो दिन से स्थिति बदल गई और गैस की रोजाना केवल एक गाड़ी एजेंसी पर आ रही है, इसलिए उपभोक्ताओं को भी सिलिंडर कम मिल रहे हैं।

शादी व अन्य कार्यक्रमों में भी बढ़ेगी परेशानी
शादी का सीजन चल रहा है और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग बंद होने से वहां भी परेशानी बढ़ेगी। ऐसे में हलवाई शादी समारोह में खाना बनाने के लिए कोयले की भट्ठी, लकड़ी के चूल्हे या फिर अन्य स्रोत का उपयोग करने की तैयारी में जुट गए हैं।

पाइपलाइन से अब कनेक्शन कराया, एक माह बाद शुरू होगा
बागपत शहर में निजी कंपनी की गैस पाइपलाइन बिछी हुई है और घरों में कनेक्शन भी चल रहे हैं। पाइपलाइन से गैस की सप्लाई में अभी कोई समस्या नहीं है। गैस की किल्लत होने पर शहर में रहने वाले कई लोगों और होटल संचालकों ने पाइपलाइन से अपना गैस लेने के लिए कनेक्शन कराया, मगर उससे सप्लाई शुरू होने में अभी एक माह का इंतजार करना पड़ेगा। तब तक घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल करना पड़ेगा।

फैक्टरी में रिम की प्लेट काटने का काम किया जाता है, जिसमें व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का प्रयोग किया जाता है। दिन में दो गैस सिलिंडरों की खपत होती है। बड़ौत औद्योगिक क्षेत्र में ऐसी 25, जबकि जिलेभर में 35 फैक्टरियां हैं। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों के नहीं मिलने से काम पूरी तरह ठप हो जाएगा। ऐसे में रिफिलिंग होने तक फैक्टरी बंद करनी पड़ेगी और नुकसान उठाना पड़ेगा।
-प्रमोद जैन, उद्यमी

 लोहे के काम में व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का प्रयोग किया जाता है, जिनकी रिफिलिंग बंद होने से परेशानी बढ़ जाएगी। ऐसे में फैक्टरी में काम बंद हो गया। जल्द ही व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की रिफिलिंग बहाल की जाए।
-दीपक मखीजा, उद्यमी

-होटल पर व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल होता है। सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने से खाना बनाने की परेशानी बढ़ जाएगी। अभी भट्ठी बंद करनी पड़ी है। रखे हुए सिलिंडर से एक भट्ठी चलाई जा रही है। इस तरह ही रहा तो कोयले समेत अन्य संसाधनों से खाना बनाया जाएगा, जो काफी महंगा पड़ेगा।
-श्याम सुंदर, होटल संचालक

अमेरिका- इस्राइल और ईरान के बीच जंग शुरू होते ही ईंधन की आपूर्ति का डर सताने लगा था। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने की वजह से कई भट्ठियां बंद कर काम चलाना पड़ रहा है। अब कोयले और लकड़ी की भट्ठी पर मिठाई तैयार कराई जाएगी।
-राजेश, हलवाई

-गैस सिलिंडरों की आपूर्ति अभी तक ठीक चल रही थी, लेकिन 25 दिन बाद बुकिंग का समय निर्धारित करना ठीक नहीं है। एक परिवार में एक ही घरेलू कनेक्शन होता है, जबकि सदस्य कई होते हैं। इससे गैस सिलिंडर जल्दी खाली होने से परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
-सीमा, गृहिणी।

जिले की बड़ी गैस एजेंसियों पर रोजाना डिपो से घरेलू गैस सिलिंडरों की दो गाड़ियां भेजी जा रही थीं, जिनमें अब कटौती कर दी गई है। अब दिन में एक गाड़ी भेजी जा रही है। इसी तरह छोटी एजेंसियों पर दो दिन में एक गाड़ी भेजी जा रही है। हालांकि गोदामों में गैस सिलिंडरों का पूरा स्टॉक है, जिससे लोगों घबराने की जरूरत नहीं है।
-अजय चौहान, अध्यक्ष, बागपत इंडेन एलपीजी फेडरेशन

Sumit Chaudhary

Sumit Chaudhary एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों, खेल और राजनीति पर गहन विश्लेषण करने का अनुभव है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment