बड़ौत। शहर के छपरौली रोड पर पूर्वी यमुना नहर पर बने पुराने पुल को गिराने का काम जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। इसे गिराने से पहले पास में ही एक अस्थायी पुल बनाया गया है, जिससे हल्के वाहन गुजर सकते हैं। रूट पर बसों का संचालन भी बंद हो सकता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पूर्वी यमुना नहर पर बने पुल की चौड़ाई कम होने के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। इस कारण वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम में फंसने पर परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए पुराने पुल को गिराकर उसकी जगह पर अधिक चौड़ाई वाला नया पुल बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार पुल को गिराने का काम जल्द ही शुरू किया जा सकता है।
नया पुल बनने में करीब चार से पांच माह का समय लगने की उम्मीद है। इससे पहले कोताना मार्ग पर बने पुल को तोड़कर नया पुल बना दिया गया है, जिससे वाहनों का संचालन शुरू हो गया है। पुल का निर्माण शुरू होने पर छपरौली मार्ग से जुड़े मलकपुर, लोयन, सिनौली, नंगला, शेरपुर, लुहारा, चांदनहेड़ी, छपरौली समेत 15 गांव के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।







