नई दिल्ली। जनकपुरी थाना पुलिस ने किराने के दुकानदार के घर से सवा करोड़ रुपये के गहने और नकदी की चोरी में पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी करने वाले दो नाबालिग समेत तीन बदमाशों को पकड़ लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 650 ग्राम सोने के गहने, तीन किलो चांदी के गहने, सात लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि 22 फरवरी को जनकपुरी थाना पुलिस को पोसंगीपुर में एक घर में चोरी की शिकायत मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सीढ़ियों की दीवार टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। पहली, दूसरी और तीसरी मंज़िल के कमरों के ताले टूटे हुए मिले। शिकायतकर्ता अनुज अग्रवाल ने बताया कि अशोक लिफाफा स्टोर के नाम से परचून की एक दुकान चलाते हैं। 21 फरवरी की रात 9.30 बजे वह अपनी दुकान और घर बंद कर जनकपुरी के किराए के मकान पर चले गए। अगले दिन 11.15 बजे वह दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पाया कि अज्ञात व्यक्तियों ने रात में घर में सेंधमारी की थी और घर से सोने हीरे और चांदी के गहने और लाखों नकदी चुरा ली थी। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की।
सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद हो गए थे। पुलिस ने मुखबिरों के जरिए उनकी पहचान करने के बाद दो नाबालिगों को पकड़ा। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल उसके तीसरे साथी दिव्यांश शर्मा उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिव्यांश शर्मा पोसंगीपुर का रहने वाला है। पुलिस ने इनके पास से गहने, नकदी और बाइक बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।










