राहुल गांधी को ABVP के पूर्व नेता द्वारा दी गई जान से मारने की धमकी पर कांग्रेस भड़की। पवन खेड़ा ने भाजपा और RSS पर विपक्षी नेता को चुप कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी पर भड़की कांग्रेस, बोली- ‘वैचारिक लड़ाई हारने वाले रच रहे साजिश’
नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने सोमवार को एबीवीपी (RSS की छात्र इकाई) के पूर्व नेता प्रिंटू महादेव द्वारा राहुल गांधी को दी गई जान से मारने की धमकी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने भाजपा और आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि “वैचारिक लड़ाई हारने वाले विपक्षी नेता को चुप कराने के लिए साज़िश रच रहे हैं।”
कांग्रेस का आरोप – “चुप कराने की कोशिश”
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा,
“भाजपा के एक प्रवक्ता ने टीवी पर कहा कि ‘राहुल गांधी के सीने में गोली मार दी जाएगी’। उस प्रवक्ता पर कोई कार्रवाई तक नहीं की गई।”
उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी की सुरक्षा का लगातार राजनीतिकरण क्यों किया जा रहा है। खेड़ा ने आरोप लगाया कि यह सब एक “साज़िश” का हिस्सा है।
“गालियों से नहीं डरे, अब गोलियों से धमका रहे हैं”
खेड़ा ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के पास विचारों की लड़ाई लड़ने का दम नहीं है, इसलिए वे हिंसा का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, “पहले राहुल गांधी को गालियों से चुप कराने की कोशिश की गई, अब गोलियों से धमकाया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस ऐसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है।”
वोट चोरी का आरोप भी दोहराया
कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी के उस बयान का भी ज़िक्र किया जिसमें उन्होंने भाजपा पर “वोट चोरी” का आरोप लगाया था। खेड़ा ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोग राहुल गांधी की बातों की ओर आकर्षित हो रहे हैं और भाजपा इसे पचा नहीं पा रही है।
अमित शाह को लिखा गया पत्र
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने चेतावनी दी कि धमकी देने वाले शख्स पर तुरंत कार्रवाई न करना विपक्ष के नेता के खिलाफ हिंसा को सामान्य बनाने और भाजपा की मिलीभगत के रूप में देखा जाएगा।











