सांसद ने क्या कहा?
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के वरिष्ठ नेता और सांसद अरुण भारती ने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा कि पता नहीं कहां से इस तरह की खबरें आ रही है। मुझे तो ऐसी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री हैं और आगे भी बने रहेंगे।
ललन सिंह ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने पटना एयरपोर्ट पर कहा कि राज्यसभा पर फैसला तो नीतीश कुमार ही करेंगे। वह जाना भी जाना चाहेंगे, वह जाएंगे। हमारे चाहने या नहीं चाहने से कुछ नहीं होगा। पार्टी उन्होंने बनाई है। उनका फैसला सर्वमान्य होगा। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो किया है, वह पूरी दुनिया जानती है।
सीएम हाउस के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं का हंगामा
सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जदयू कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। सीएम हाउस के सामने जदयू कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि हमलोग किसी कीमत पर नीतीश कुमार को दिल्ली नहीं जाने देंगे। जदयू कार्यकर्ताओं ने ललन सिंह और संजय झा के खिलाफ नारेबाजी भी की। जदयू कार्यकर्ताओं के हंगामा को देखते हुए पटना पुलिस ने सीएम हाउस के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद सीएम हाउस के बाहर पहुंचे हैं। वह आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे हैं।
नितिन नवीन ने महावीर मंदिर में पूजा अर्चना की
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना के महावीर मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। इसके बाद पार्टी की प्रमुख नेताओं से बातचीत करेंगे। दोपहर 12 बजे गृह मंत्री अमित शाह पटना आएंगे। इसके बाद नितिन नवीन राज्यसभा का पर्चा दाखिल करेंगे।
सियासी सरगर्मी के बीच जदयू ने क्या लिखा?
सियासी सरगर्मी के बीच जदयू ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि होली का यह त्योहार हमें कई संदेश देता है। सामाजिक समरसता और मिल-जुलकर आगे बढ़ने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार इसी सामाजिक समरसता के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य में विकास कार्य सतत रूप से जारी है।
एनडीए के विधायकों को पटना तलब किया गया
आज ही एनडीए के विधायकों की बैठक बुलाई है। सभी दलों ने अपने विधायकों को पटना तलब किया है। जदयू और भाजपा विधायक वह पटना के लिए निकल गए हैं। सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं या नहीं? इस सवाल पर जदयू विधायकों ने कहा कि हमलोगों को इसकी जानकारी नहीं है। आज नामांकन कार्यक्रम है इसलिए हमलोग वहां शामिल होने जा रहे हैं।
जदयू कार्यकर्ता हो गए नाराज
पटना में सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जनता दल यूनाईटेड के कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं। दर्जनों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर पहुंचे हैं। सभी कार्यकर्ता सीएम नीतीश कुमार से राज्यसभा नहीं जाने की अपील कर रहे हैं। जदयू एमएलसी संजय सिंह ने कहा कि अभी उन्हें और काफी दिन बिहार की सेवा करनी है। हमलोग नहीं चाहते हैं कि वह राज्यसभा जाएं। हालांकि, अंतिम फैसला उन्हीं को लेना है।
सीएम हाउस के बाहर हंगामा कर रहे हैं जदयू कार्यकर्ता, ललन सिंह ने पटना में क्या कहा?
गुरुवार 5 मार्च बिहार की तारीख में बड़ा दिन होगा, यह होली के दिन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड से साउथ अफ्रीका की हार से ज्यादा होली के दिन बिहार में यह बात चर्चा में रही कि नीतीश कुमार राज्य छोड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें राज्य की सत्ता से मुक्त कर राज्यसभा सांसद और केंद्र की राजनीति में भेजने का प्लान बना रखा है, जो गुरुवार को सामने आ जाएगा। आज सुबह से सभी की नजर मुख्यमंत्री आवास और सीएम नीतीश कुमार की गतिविधियों पर है।











