मौसम स्पोर्ट्स क्राइम शिक्षा राष्ट्रीय बिहार चुनाव बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश लाइफ - साइंस आध्यात्मिक अन्य

--Advertisement---

डायरेक्टर के होटल के कमरे से लाखों रुपए की चोरी का खुलासा, 40 km पैदल चलने और पांच घंटे की रेकी के बाद हुई घटना

On: March 12, 2026 5:12 AM
Follow Us:
---Advertisement---

मेरठ में होटल द कॉन्वे में ठहरे टीवी सीरियल निर्माता-निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी के कमरे से लाखों रुपये का सामान चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने पुलिस एन्क्लेव निवासी शुभम उर्फ भोला को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर वारदात की जगह तक पहुंचा और पांच घंटे तक रेकी करने के बाद चोरी को अंजाम दिया।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने होटल के कमरे में घुसकर करीब 17 मिनट में लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया था।


निर्माता के कमरे से सात लाख की घड़ी सहित सामान चोरी
मुंबई के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स निवासी सीरियल निर्माता-निर्देशक सिद्धार्थ कुमार तिवारी ने ब्रह्मपुरी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मेरठ आए थे और शॉप्रिक्स मॉल के पास स्थित होटल द कॉन्वे की पांचवीं मंजिल पर कमरा नंबर 507 में ठहरे थे।

कमरे का एसी खराब होने के कारण उन्होंने होटल स्टाफ से शिकायत की थी और इसी वजह से कमरे का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं किया था। शुक्रवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो पता चला कि कमरे से सात लाख रुपये की घड़ी, नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी हो चुका है। सिद्धार्थ तिवारी मेरठ अपने नए सीरियल की तैयारियों के सिलसिले में आए थे।

मां की डांट के बाद घर से निकला आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम उर्फ भोला को शराब पीने पर उसकी मां ने डांट दिया था। इसके बाद वह नंगे पैर ही घर से निकल गया और मोहिद्दीनपुर होते हुए शॉप्रिक्स मॉल के पास पहुंचा।

रात करीब नौ बजे से उसने होटल के आसपास रेकी शुरू की। करीब पांच घंटे तक इलाके का निरीक्षण करने के बाद रात लगभग 2:45 बजे वह होटल के कमरे में घुसा और 17 मिनट के भीतर चोरी की वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस को गुमराह करने के लिए पैदल चलता रहा
एसपी सिटी के अनुसार आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शहर में कई किलोमीटर पैदल यात्रा की। घटना के बाद वह ध्यानचंद नगर, परतापुर इंटरचेंज और दिल्ली एक्सप्रेसवे के रास्ते घूमता रहा और बाद में ई-रिक्शा से बेगमपुल पहुंचा। इसके बाद वह पैदल ही अपने घर लौट गया।

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस की छह टीमें लगी थीं और करीब 550 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी। ध्यानचंद नगर में एसटीपी प्लांट के पास एक फैक्टरी कर्मचारी से सिम कार्ड निकालने के लिए पिन मांगने की फुटेज इस मामले के खुलासे में अहम साबित हुई। पुलिस ने आरोपी को ध्यानचंद नगर से गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एप्पल आईपैड प्रो, एप्पल पेंसिल प्रो, ब्राइटलिंग की घड़ी, एप्पल एयरपॉड्स मैक्स, इम्पोरियो अर्मानी कैप, जूते, पर्स, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी ने चोरी के 25 हजार रुपये खर्च कर दिए थे।

स्टेरॉयड इंजेक्शन से बिगड़ी थी हालत
एसपी सिटी के अनुसार 29 वर्षीय आरोपी शुभम अविवाहित है और अपने पिता व भाई के साथ स्टेशनरी की दुकान चलाता है। उसे जिम जाने का शौक था और बॉडी बनाने के लिए वह स्टेरॉयड इंजेक्शन लेने लगा था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। तीन महीने पहले तक उसका इलाज मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इसी कारण उसके परिजनों ने उसके शराब पीने पर रोक लगा दी थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

Sumit Chaudhary

Sumit Chaudhary एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों, खेल और राजनीति पर गहन विश्लेषण करने का अनुभव है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment