बागपत. शुक्रवार शाम शहर के बड़ा बाजार में छत्ते वाली मस्जिद के बाहर SP नेता शफीक सलमानी और IAS अधिकारी सना अख्तर के वकील भाई वसील के गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। उनके बीच काफी देर तक लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट हुई, जिससे भगदड़ मच गई। IAS अधिकारी सना अख्तर के भाई वसील और SP नेता शफीक सलमानी समेत सात लोग घायल हो गए, जिनका सेंट्रल हेल्थ सेंटर और जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
शहर के मोहल्ला मुगलपुरा निवासी आईएएस अधिकारी सना अख्तर के भाई वासिल ने बताया कि सपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश सचिव शफीक सलमानी ने कुछ लोगों के साथ मिलकर उसके पिता तमीम अख्तर से पुलिस के नाम पर ठगी का प्रयास किया था। इसकी प्राथमिकी दो महीने पहले कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। तभी से सपा नेता उनके परिवार से रंजिश रखता है। बताया कि शुक्रवार शाम छत्ते वाली मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। वहां से नीचे आते ही सपा नेता ने अपने बेटों के साथ मिलकर लाठी-डंडों और लोहे की छड़ से हमला कर दिया तो लात-घूंसे भी मारे। तभी बीच बचाव कराने आए हसन पर भी हमला कर दिया गया। उनके अलावा अधिवक्ता अलीम अनस और फिरोज के साथ भी मारपीट की गई। हमले में वासिल, हसन, अलीम अनस और फिरोज घायल हो गए।

दूसरे पक्ष के सपा नेता शफीक सलमानी ने बताया कि शुक्रवार शाम छत्ते वाली मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे थे। तभी तमीम अख्तर और उसके पुत्र वासिल ने उन पर टिप्पणी की। कहने लगे कि गंदे आदमी भी नमाज पढ़ने लगे हैं। उनकी टिप्पणी को अनसुना करके मस्जिद में नमाज पढ़ने चला गया। थोड़ी देर बाद मस्जिद से उतरकर नीचे आया तो पांच-छह युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसके बेटे कामिल और साहिल की लाठी-डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया। हमले में सपा नेता शफीक सलमानी, कामिल और साहिल घायल हो गए। झगड़े के दौरान बाजार में अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया।







