उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनने जा रहे करीब 57,000 कांस्टेबलों की पासिंग आउट परेड 20 अप्रैल को होगी। ट्रेनिंग डायरेक्टरेट ने सभी 112 ट्रेनिंग सेंटरों पर पासिंग आउट परेड कराने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य कार्यक्रम राजधानी में कराने की योजना है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिस्सा लेंगे। पिछले साल 15 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में रहने की जगह पाने के लिए अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे थे।
बता दें कि प्रदेश पुलिस में सिपाही नागरिक पुलिस के 60,244 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के बाद जुलाई माह से प्रशिक्षण देना शुरू किया गया था। हालांकि इनमें से करीब 3000 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण में हिस्सा नहीं लिया। शेष करीब 57 हजार अभ्यर्थियों का नौ माह का आधारभूत प्रशिक्षण आगामी 19 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
वर्तमान में प्रशिक्षु सिपाहियों की इनडोर और आउटडोर परीक्षाओं का आयोजन सभी 112 प्रशिक्षण केंद्रों में किया जा रहा है। इसके बाद सभी प्रशिक्षु अभ्यर्थियों की पासिंग आउट परेड होगी, फिर वे प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन जाएंगे।
12 हजार से अधिक महिलाएं : प्रदेश पुलिस के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में सिपाही मिलने जा रहे हैं। इनमें 12 हजार से अधिक महिलाएं भी शामिल हैं, जो महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर अपना अहम योगदान देंगी।
तेज हुई आयोजन की तैयारियां
डीजी प्रशिक्षण राजीव सबरवाल का कहना है कि सिपाही नागरिक पुलिस के करीब 57 हजार अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण आगामी 19 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद 20 अप्रैल को पासिंग आउट परेड का आयोजन प्रस्तावित है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसका आयोजन सभी 112 प्रशिक्षण केंद्रों पर होगा।











