डेंटल क्षेत्र में आगे पढ़ाई करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम खबर है. नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट – मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी (NEET MDS 2026) के लिए आवेदन प्रक्रिया अब जारी है. राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (चिकित्सा विज्ञान) ने इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है. देशभर के इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. बोर्ड के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 14 मार्च से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार तय समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म भर सकते हैं.
परीक्षा बोर्ड ने उम्मीदवारों को आवेदन के लिए लगभग दो सप्ताह का समय दिया है. इच्छुक छात्र 30 मार्च 2026 रात 11:55 बजे तक अपना आवेदन फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. कई बार आखिरी दिन वेबसाइट पर ज्यादा ट्रैफिक होने के कारण तकनीकी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं.
2 मई को होगी परीक्षा
NEET MDS 2026 परीक्षा का आयोजन 2 मई 2026 को किया जाएगा. यह परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी. परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी, जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. इस तरह उम्मीदवारों को सवाल हल करने के लिए तीन घंटे का समय दिया जाएगा. परीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा 2 जून 2026 को परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है.
कौन कर सकता है आवेदन
इस परीक्षा में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया (DCI) से मान्यता प्राप्त संस्थान से बीडीएस (BDS) की डिग्री प्राप्त की हो. इसके अलावा उम्मीदवार के पास DCI या किसी राज्य डेंटल काउंसिल से जारी प्रोविजनल या स्थायी पंजीकरण प्रमाणपत्र होना भी जरूरी है. साथ ही उम्मीदवारों को 31 मई 2026 तक 12 महीने की अनिवार्य इंटर्नशिप पूरी करनी होगी. तभी वे इस परीक्षा के लिए पात्र माने जाएंगे.
आवेदन के बाद मिलेगा सुधार का मौका
अक्सर आवेदन करते समय उम्मीदवारों से छोटी-मोटी गलतियां हो जाती हैं. इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा बोर्ड ने यह भी बताया है कि आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद करेक्शन विंडो खोली जाएगी. इस विंडो के जरिए उम्मीदवार अपने आवेदन फॉर्म में जरूरी बदलाव या सुधार कर सकेंगे. इससे छात्रों को दोबारा फॉर्म भरने की परेशानी नहीं होगी.
आवेदन शुल्क कितना है
NEET MDS 2026 के लिए आवेदन शुल्क अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार तय किया गया है. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 3500 रुपये रखा गया है. एससी, एसटी और दिव्यांग (PwD) श्रेणी के उम्मीदवारों को 2500 रुपये शुल्क देना होगा.
ऐसे भरें आवेदन फॉर्म
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट nbe.edu.in या natboard.edu.in पर जाएं.
- इसके बाद होमपेज पर दिखाई देने वाले NEET MDS Registration 2026 लिंक पर क्लिक करें.
- अब अपनी बेसिक जानकारी भरकर लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाएं.
- इसके बाद डैशबोर्ड में लॉगिन कर NEET MDS 2026 आवेदन फॉर्म भरें.
- फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेज निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करें और ऑनलाइन शुल्क जमा करें.
- अंत में फॉर्म सबमिट करके उसकी कॉपी डाउनलोड कर रख लें.












