रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला 50 किमी सेक्शन 2027 तक शुरू होगा। पूरी लाइन 2029 तक चालू होगी और यात्रा समय घटकर सिर्फ 2 घंटे 7 मिनट रह जाएगा।
मुंबई से अहमदाबाद अब सिर्फ 2 घंटे में! रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन पर दिया अपडेट
नेशनल डेस्क: भारत की पहली हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने शनिवार को बताया कि सूरत से बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे रूट का संचालन वर्ष 2027 तक शुरू हो जाएगा। वहीं, पूरा मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर वर्ष 2029 तक यात्रियों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
सिर्फ दो घंटे में मुंबई से अहमदाबाद
रेल मंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन के शुरू होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच की यात्रा मात्र 2 घंटे 7 मिनट में पूरी हो सकेगी। शनिवार को उन्होंने सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा किया और ट्रैक बिछाने के काम का निरीक्षण किया।
चरणबद्ध तरीके से खुलेगा कॉरिडोर
- 2027: सूरत-बिलिमोरा (50 किमी) सेक्शन शुरू
- 2028: ठाणे-अहमदाबाद सेक्शन चालू
- 2029: पूरा मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए खुल जाएगा
सुरक्षा और टेक्नोलॉजी पर खास ध्यान
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है ताकि ट्रेन की 320 किमी/घंटा की रफ्तार पर भी सुरक्षा और सुविधा बनी रहे।
- विशेष वाइब्रेट सिस्टम लगाए जा रहे हैं ताकि तेज रफ्तार से यात्रा के दौरान यूटिलिटी केबल्स प्रभावित न हों।
- तकनीक इस तरह डिजाइन की गई है कि ट्रेनों की आवाजाही स्मूद और सुरक्षित हो।
विशेषज्ञों की राय
विशेषज्ञों के अनुसार, बुलेट ट्रेन परियोजना न केवल भारत के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में क्रांति लाएगी, बल्कि यात्रा समय कम करने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास में भी अहम योगदान देगी।











