पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। बरेली में शनिवार को नए रेट लागू किए गए, साथ ही नियमों में भी बदलाव किए गए। 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में ₹60 की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह, 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में ₹115 की बढ़ोतरी हुई है। इसका असर कमर्शियल जगहों और आम जनता दोनों पर पड़ेगा।
बरेली के डीएसओ मनीष कुमार सिंह के मुताबिक बरेली जिले में करीब दस लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें 4.16 लाख उज्ज्वला कनेक्शन हैं। नए नियम के तहत अब एक बार घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद दूसरी गैस सिलेंडर की रिफिल के लिए बुकिंग 21 दिन बाद ही होगी। एलपीजी की जिले में फिलहाल कोई कमी नहीं है।
अब तीन सप्ताह बाद होगी दूसरी घरेलू बुकिंग
उत्तर प्रदेश एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श शर्मा के मुताबिक एहतियातन पेट्रोलियम कंपनियों ने एक के बाद दूसरी घरेलू गैस बुकिंग तीन सप्ताह बाद का नियम लागू किया है। इससे उन उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, जिनके घर में कोई आयोजन प्रस्तावित है। समारोह में कमर्शियल सिलिंडर बुक होते हैं, इसकी बुकिंग के लिए दिन की कोई बाध्यता नहीं है।
अब 931 रुपये में मिलेगा घरेलू सिलिंडर
उन्होंने बताया कि बरेली में अब घरेलू सिलेंडर 60 रुपये बढ़ी दर के बाद 931 रुपए का मिलेगा। कॉमर्शियल सिलिंडर में 119 रुपए की बढ़त की गई है। अलग अलग कंपनियों के कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत अलग अलग होती है। इसलिए सटीक रेट बताना मुमकिन नहीं है। वहीं, इंडेन पेट्रोलियम कंपनी ने पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि उपभोक्ता घबराएं नहीं है। जिले में पर्याप्त सप्लाई है।









