माह-ए-रमजान अब अपने अंतिम पड़ाव यानी तीसरे अशरे में पहुंच चुका है। जैसे-जैसे ईद नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे मस्जिदों में इबादत और रौनक बढ़ती जा रही है। आज शुक्रवार को रमजान का अलविदा जुमा अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
अलविदा जुमा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि नमाज के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रहे।
अलविदा जुमे को लेकर दिलचस्प स्थिति
इस बार ईद की संभावित तारीख को लेकर एक दिलचस्प स्थिति बनी हुई है। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार रमजान के आखिरी शुक्रवार को जुमातुल-विदा कहा जाता है।
कैलेंडर और चांद की संभावित तारीखों के अनुसार यदि ईद शनिवार को 30वें रोजे के बाद होती है, तो तकनीकी रूप से रमजान में एक और शुक्रवार आ सकता है। हालांकि मुस्लिम समाज में परंपरागत रूप से 20वें रोजे के बाद आने वाले शुक्रवार को ही अलविदा जुमा मानकर खास इबादत की जाती है।
मस्जिदों में खास इंतजाम
अलविदा जुमा को लेकर जामा मस्जिद समेत शहर की प्रमुख मस्जिदों में साफ-सफाई और वजू के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर उलमा रमजान की अहमियत, रोजे की फजीलत और जकात की महत्ता पर बयान देंगे।
बाजारों में बढ़ी रौनक
अलविदा जुमे के साथ ही बाजारों में भी ईद की खरीदारी तेज हो गई है। कपड़ों, टोपियों और इत्र की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। दुकानदारों के अनुसार आने वाले दिनों में देर रात तक बाजारों में रौनक रहने की उम्मीद है।













