
Hamirpur News: पुलिस पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
बिवांर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले पुलिसकर्मियों पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पढ़िये एनसीएफबी न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के चमरखन्ना गांव में दो दिन पहले पुलिसकर्मियों पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुखबीर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दबिश दी। जिसके बाद हुई पुलिस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को दोनों के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच में लगी हुई है।
एनसीएफबी न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात की है, जब यूपी 112 को शराब पीकर हो रहे झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार और संजय कुमार सिंह पर 25 वर्षीय बालेंद्र वर्मा और 50 वर्षीय सिद्ध गोपाल वर्मा ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह के हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी को बालेंद्र ने दांतों से काट लिया। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
इसके बाद, पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बीती रात मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। इस दौरान बालेंद्र ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे बालेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे तमंचे और खोखा (खाली कारतूस) के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी सिद्ध गोपाल भी कुल्हाड़ी के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उन्हें मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां घायल बालेंद्र का इलाज चल रहा है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि इस घटना में घायल हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह को भी प्राथमिक उपचार के लिए मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बालेंद्र के पास से बरामद तमंचे और खोखे की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने हथियार कहां से प्राप्त किया था। पुलिस ने इस मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश भी शुरू कर दी है।